FOLLOWER

बुधवार, 29 सितंबर 2021

अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस

कुछ दिन पहले एक बुजुर्ग से बात हो रही थी। उस दिन उनका जन्मदिवस था। मैने शुभकामनाओं के साथ 120 वर्ष की उम्र तक दीर्घायु होने की बात कही। वों बोले कम है। मै तो 150 वर्ष तक जिंदा रहने का प्लान किया हूँ। मै सन्न रह गया। ये उनके जिंदादिली का प्रत्यक्ष उदाहरण देख हतप्रभ रह गया। उनके शब्द अन्य बुजुर्गो के लिये प्रेरणादायी है।

इस देश में रिटायर होते ही ये मान लिया जाता है कि कार्य करने की उम्र गयी। कार्यालयों में रिटायर होने के 2-3 वर्ष पहले से ही लोग ढीले पड़ जाते है। मानसिक तौर पर अगर ढीले पड़ गये तो समझिये शारीरिक रूप से आप अक्षम्य हो जायेंगे।

कभी-कभी सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो देखने को मिल जाता है जहाँ बुजुर्ग नाचते गाते मिल जाते है। उन्हे कभी मत कहिये आप नाच नही सकते। आप लोग भी उनके साथ खूब नाचिये। 

मैने african proverb पढ़ा था कि "If you refuse the elder’s advice you will walk the whole day.” सही बात है। बुजुर्गो को नही सुनने का मतलब भटक ही जाना है।

अनुभव बहुत ही कमाल की चीज होती है। अनुभव उम्र के साथ बढ़ता ही जाता है। घर से आप निकले नही कि "फलां रास्ते नही जाना", ये सीख सुनने को मिल जाता है।

                      चित्र: गूगल से
पीढ़ी दर पीढ़ी अनुभव का स्थानान्तरण होता रहता है। बुजुर्ग पीढ़ियों को जोड़ने का काम करती है।

अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस हर वर्ष 1 अक्टूबर को 1990 से मनाया जाता रहा है। संयुक्त परिवार के विघटन से बुजुर्गों की स्थिति दयनीय हो गयी है जो कि भारत की पुरातन सामाजिक व्यवस्था के अनुरूप नही है....

@व्याकुल

सोमवार, 27 सितंबर 2021

समौरी

अवधी बोली का एक शब्द है "समौरी" इसका अर्थ है समकक्ष या समव्यस्क। हमारे एक भाई है अशोक। मुझसे तीन माह बड़े है। ये कहा जाता है कि वो मेरे समौरी है। इस शब्द की व्युत्पत्ति कैसे हुई बता पाना सम्भव नही पर अवधी बोली का यह आम शब्द है।

अगर आयु के संदर्भ में लिया जाये तो समौरी में 2-3 माह छोटे भी हो सकते है और बड़े भी।

समौरी का अर्थ सिर्फ आयु से ही नही है भाव के भी परिपेक्ष्य में लिया जा सकता है जब भाव के अर्थ एक हो। 

नीचे दिये गये चित्र में मेरे समौरी अशोक भाई है-



आज से ही शुरू कर दीजिये तलाशना आपका समौरी कौन कौन है......

@व्याकुल

रविवार, 26 सितंबर 2021

हेंगा

गॉवों में बरधा (बैल) दुआर (घर के बाहर) की शोभा मानी जाती रही है। खेती की बात हो तो हेंगा शब्द बरबस ही मुँह में आ जाता है। हेंगा का उपयोग मिट्टी के ढेले को समाप्त कर जमीन को समतल करने के काम आता है। 

छोटे बच्चे हेंगा पर बैठकर स्केटिंग जैसा आनन्द लेते थे। बैलों से बँधी रस्सी को पकड़ लिया जाता था। रस्सी को पकड़ते वक्त इस बात का ख्याल रखा जाता था कि शरीर का ऊपरी हिस्सा पीछे की ओर ज्यादा झुका हुआ हो। आगे झुके तो चलते हेंगा में पैर फसने का डर रहता था। किसान गजब का संतुलन बनाये रखते थे।

हेंगा लम्बा व आयताकार व भारी होता है।



हेंगा को पाटा भी कहते है। वैसे देश के विभिन्न भागों में अलग-अलग नामों से पुकारा जाता है।

मै पहली बार बैठते समय डर रहा था। जब इसकी टेक्निकल्टी समझ आयी, फिर मजा आने लगा।

आप भी जरूर मजा लीजिये या बच्चों को इस अनुभव से जरूर अवगत कराइयें.....

@व्याकुल

शनिवार, 25 सितंबर 2021

फेसबुक

"घुटनों का ग्रीस कैसे बनाये" गलती से फेसबुक पर देख कर हटा ही था कि दूसरा वीडियो "घुटनों से कट-कट की आवाज कैसे कम करे" आ गया।  फेसबुक की महिमा का बखान कैसे करे। मन की भाव को समझ लेता है। एक वीडियो से हटे नही कि उसी टाईप के वीडियों की झड़ी लगा लेता है जैसे किसी दुकान पर पहुंच बस जाइये। कुछ न कुछ आपको पकड़ा ही देगा। 

मोटापा था तो सोचा "चर्बी कैसे घटाऊ" देख लूँ। फिर क्या था... अजवाईन पानी.. जीरा पानी... पता नही क्या क्या...सलाह पर सलाह...

एक विद्वान से बात की तो बोले ये सब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का कमाल है... मशीनी इंटेलिजेंस... वर्च्युल इंटेलिजेंस और पता नही क्या क्या सुनने को मिल जाते है आजकल। मानवीय इंटेलिजेंस तो जैसे गायब ही हो गये है आजकल।मशीन ही सही मामलों में इस मशीनी युग में रिश्ता निभा रहा है।

मानवीय इंटेलिजेंस तो देखा व सुनता आ रहा हूँ पर वो भी किसी के मनोभावों को समझने व ताड़ने में चूक करता रहा है।

भावुक कर देता है फेसबुक। कुमार विश्वास के कविता से उठा ही था कि कविता तिवारी काव्य पाठ करती आ गयी। बनारस के कवि दुबे जी प्रगट हो गये। थोड़ा आगे बढ़े मुशायरा से वाकिफ हुये।

कुछ तो अनचाहा मेहमान की तरह प्रगट हो जाते है। 

मै तो सोच-सोच कर हैरान रह जाता हूँ... क्या देखूं और क्या न देखूं... 

खैर अब मुझे साँपों से कम डर लगता है क्योंकि मुरलीवाले हौसला का वीडियो देखता रहता हूँ.....

ऐसे ही आनन्द लेते रहियें.. बस मोबाइल में डेटा हो और चार्जर जेब में....

@व्याकुल

गऊखा

गऊखा पूर्वी उत्तर प्रदेश के गॉवों के पुराने मकानों या पुराने ज़माने के पक्के मकानों में देख़ने को आराम से मिल जायेगा। गऊखा लगभग हर मकान का अनिवार्य हिस्सा है... 

पुराने जमाने में बिजली में मामले में बहुत ही पिछड़े थे हम सब। शहरों को छोड़कर बहुत कम जगहों पर बिजली होती थी। ढिबरी रखने के लिये गऊखा ही प्रयोग में लाया जाता रहा होगा। अँधेरे को प्रकाशमयी करने के लिये छोटी शीशी में मिट्टी का तेल डाल कपड़े की बत्ती बनाकर ढिबरी बनाया जाता था। अब तो ढिबरी का कोई चलन ही नही। न तो मिट्टी का तेल ही उपलब्ध है और न ही बिजली की कोई समस्या। 


अधिकतर इसके ऊपर का हिस्सा मेहराबनुमा होती है। गऊखा को अलग-अलग नामों से संबोधित किया जाता है जैसे ताखा, पठेरा, गोखलो, दियरख, आला इत्यादि इत्यादि।

गऊखा में प्रतिदिन उपयोग की छोटे-मोटे सामान भी रखे जाते रहे है। इसे तिजोरी ही समझिये।

अपनी महत्ता बनाये रखे। पता नही कौन आपकों गऊखा में उठा कर रख दें....

@व्याकुल

शुक्रवार, 24 सितंबर 2021

साहस

जो तूफ़ानों में पलते जा रहे हैं 

वही दुनिया बदलते जा रहे हैं 

जिगर मुरादाबादी सही ही लिखते है। दुनिया वही बदल सकते है जो झंझावात झेले रहते है। साहस का जन्म भी यही से होता है। 

उन्हे तो आसमां छूने की ललक होती है। वों चैन की साँस कभी नही लेते। अधिकांश के ऐसे ही लोग आदर्श होते है। 

ऐसे लोग त्वरित (quick) निर्णय भी ले लेते है। ऐसे लोग जब सफलता की सीढ़ी चढ़ने लगते है तब उनके जिद्दी होने की संभावना बढ़ जाती है। फिर वे किसी की नही सुनते। उन्हे लगता है जो वे कर रहे है सही कर रहे है। 

साहस अपने पराकाष्ठा पर जब होता है तो गलत निर्णय भी ले लेते है। किसी की भावनाओं को भी चोट पहुँचा जाते है। स्व-मूल्यांकन का समय नही होता।

साहसी लोग अनोखे होते है। जो कार्य पूर्ण करने की सोच लेते है निष्ठा से लग जाते है फिर कुछ नही सोचते। या तो गिरते है या आगे बढ़ जाते है। गिरने का मतलब उनके लिये ये नही होता कि चुप होकर बैठ जाये। अगले पल फिर कोई नया लक्ष्य।

उनके साहस से डर लगता है। मैने दो बड़े प्रशासनिक अधिकारी ऐसे ही देखे है जिनका साहस ही उन्हे गलत रास्ते पर ले गया और वे सामाजिक परिदृश्य से गायब हो गये।

साहस के साथ भावुकता, विवेक और सकारात्मकता बनाये रखे तभी जीवन की सार्थकता होगी....

@व्याकुल

बुधवार, 22 सितंबर 2021

लसोड़ा

औसत मध्यम वृक्ष लसोड़ा का। थोड़ा घना। फल गोल। अंदर से ताकत इतनी की नगाड़ा बन जाता था। फिर तो धिन् धिन् ता ता धिन् धिन्। 


                         चित्र: गूगल से

ये भी एक नवाचार (innovation) रहा है बालपन का। पुरवा या कुल्हड़ और परई या कसोरा का भरपूर उपयोग। लसोड़ा में इतना दम तो होता ही था कि कागज को मिट्टी के बर्तनों में कस कर बाँध देती थी। हमारा ढोलक व नगाड़ा तैयार हो जाता था। 

वैसे जब थोड़ी समझदारी बढ़ी तब लसोढ़ा का उपयोग सिरके (vinegar) में भी देखा या जाना कि इसकी उपयोगिता आयुर्वेदिक में भी हो सकती है। 

आज से 25-30 वर्ष पहले प्रकृति के बीच से ही खिलौना बना लेते थे तब शायद ही कृत्रिम खिलौना होता हो।  पर लसोढ़ा की पहचान मेरे लिये नगाड़ा और ढोलक बनाने तक था और इससे बेहतरीन खिलौना कुछ और नही लगता था।


                         चित्र: गूगल से

इसके गूदा को पुरवा और परई के किनारों पर लगा कर कागज चिपका दिया करते थे फिर देर तक धूप में सुखाकर उपयोग में लाते थे। ये देखना जरूरी होता था कागज ढीला न हो जिससे ध्वनि में टंकार रहे।

गॉव में शायद 1-2 पेड़ थे लसोड़ा के। मै तो अपने घर के दक्षिण दिशा में लगे हुये लसोड़ा का ही प्रयोग करता था।

लसोड़ा जरूर लगाये अपने आस-पास। सिर्फ जीव-जन्तुओं की प्रजाति ही खतरे में नही हो सकती कुछ पेड़-पौधे भी हो सकते है....


@व्याकुल

रविवार, 19 सितंबर 2021

द्विचक्रिका

 

हवाओं से बात करूँ

जो रख सकूँ पाँव पैडिलों पर

गलियों की हूकूमत करूँ

जो बैठ सकूँ तिकोन सीट पर..


मुनादी करवा दी जंगलों में

जो बजा दी तेज घंटो को

तीनों लोक नाप सके पल में

जो चलाये तेज चक्रों को

@व्याकुल



शनिवार, 18 सितंबर 2021

चिलबिल

चिलबिल का पेड़ मेरे बचपन से जुड़ा एक शानदार पेड़ है। घर के बगल कब्रिस्तान के एक कोने में अकेला खड़ा। तने का रंग जामुन के रंग जैसा। गहरे हरे रंग की आकर्षित करती पत्तियां। पेड़ पुराना था। इतनी ऊंचाई पर था कि हम लोग उसकी छांव नही ले सकते थे। 


 चित्र: गूगल से

अरस्तू कहते थे जिस मनुष्य को समाज की आवश्यकता नही, वह या पशु या देवता होगा। अकेले पेड़ को क्या कहेंगे??? हम बच्चों की कोलाहल से निःसंदेह खुश हो जाता होगा।

जब सूखी पत्ती जैसी फली हवा के झोंको से जमीन पर गिरती रहती थी। याद नही किसने ये बताया था कि इसके अंदर एक छोटा सफेद बीज खाया जा सकता है। उसी ज्ञानी ने यह भी बताया था कि इसका तो लोग हलवा खाते है। फिर क्या था बकझक के बीच इसका बीज खा लिया करते थे।

इसके भी कई नाम है जैसे हम लोगो के होते है - चिलबिल, चिरमिल, पापरी, करंजी, बेगाना, बनचिल्ला। 

थोड़ा इस पर अध्ययन किया तो पाया कि छाल, पत्ती और बीज सभी स्वास्थ्य के लिये लाभप्रद है। 

फिर क्या?? चिलबिल पर मेहरबान हो जाइये। लगा डालिये कही मैदान या खाली जगहों पर। 

प्रकृति से बेहतरीन चिकित्सक कौन हो सकता है भला...

@व्याकुल

शुक्रवार, 17 सितंबर 2021

कैनवस बॉल टूर्नामेंट

एक दौर था कैनवस की गेंद के टूर्नामेंट का। हर मोहल्ले के गली-कूचों में टूर्नामेंट होता रहता था। उत्साह का माहौल रहता था। 30-40 फिट चौड़ी सड़क पर भी आराम से हो जाया करता था। जरूरी नही टूर्नामेंट का टाईम दिन में हो, अमूमन रात में ही होता था।

जीतने वाले मैच के कप्तान को ट्रॉफी, मैन अॉफ द मैच, मैन अॉफ द सीरिज सबकों ट्राफी मिलती थी। 

एक बार हमारें छोटे भ्राता श्री अपने छोटे दल को लिये एक टूर्नामेंट में भाग लिये थे। 1-2 राउंड जीतने के बाद, मुझे और मेरे कई हमउम्र को शामिल किये थे (वैसे मै क्रिकेट में बहुत अच्छा नही था, पर छोटकी गोल से थोड़ा बेहतर था)।

जब यह टूर्नामेंट क्वार्टर या सेमीफाइनल में पहुँचा ज्यादातर खिलाड़ी बड़े स्तर के आ गये थे। मेरे बड़े भाई, जो उस वक्त 'ए' डिवीजन लीग मैच खेलते रहे थे, की साथियों के साथ टीम में इंट्री हो गयी थी।  

छोटी वाली गोल से सिर्फ छोटे भ्राता कप्तान थे। शुरुआत के सारे खिलाड़ी नदारद थे। 

ये पहला ऐसा मैच था जिसके फाईनल में तीनों भाई थे। घर में पॉच मेडल आये थे।

इसके नियम भी अजीब थे। छक्का एकदम नही था। दो रन और चार रन होते थे। टप्पा खाकर गेंद चॉक के बने बाउंड्रीवॉल से बाहर चला जाये तो चार रन। 

मैच की खूबी यह थी कि संयमित खेल होता था। आस-पास के घरों के शीशे शायद ही कभी टूटते हो।

@व्याकुल

धाकड़ पथ

 धाकड़ पथ.. पता नही इस विषय में लिखना कितना उचित होगा पर सोशल मीडिया के युग में ऐसे सनसनीखेज समाचार से बच पाना मुश्किल ही होता है। किसी ने मज...